मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने SDM टांडा व RO चमरौआ से की मुलाकात
रामपुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के दौरान BLO को कथित तौर पर जातिगत आधार पर हटाए जाने तथा मतदाता सूची में भेदभाव किए जाने की शिकायत को लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने आज उपजिलाधिकारी टांडा एवं RO विधानसभा चमरौआ से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व AICC सदस्य, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं 35 चमरौआ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मुतीउर रहमान खां उर्फ बब्लू ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े गंभीर विषयों से अवगत कराया और निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित किए जाने की मांग रखी।
मुतीउर रहमान खां ने कहा कि मतदाता सूची किसी जाति या समुदाय की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार का आधार है। किसी भी BLO को जातिगत आधार पर हटाना अथवा किसी योग्य मतदाता का नाम अनुचित तरीके से काटना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।
इस दौरान विधानसभा चमरौआ के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण की स्थिति को लेकर भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने मतदाता सूची में किसी भी प्रकार के भेदभाव से बचने और पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने पर जोर दिया।
मुलाकात के दौरान तहसीलदार टांडा एवं नायब तहसीलदार टांडा भी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव फुरकान इरफानी, जिला सचिव इरफान पाशा, ब्लॉक अध्यक्ष सैदनगर आसिफ अली खां, जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस शकील अहमद, नगर अध्यक्ष टांडा फिरासत अली, इकबाल नेता जी, राशिद सलमानी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें